बिहार में कड़ाके की ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 3 दिनों से सूरज भगवान के दर्शन नहीं हुए हैं। तापमान में लगातार गिरावट और घने कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अभी और ठंड बढ़ने की संभावनाएं हैं। हालांकि 4 से 5 दिनों के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेगा। मौसम विभाग की मानें तो 5 से 6 दिनों के बाद कोहरे और ठंड से राहत मिलने की संभावनाएं हैं।
प्रदेश में ठंड ने अपना प्रकोप और तेज कर दिया है। सभी 38 जिलों में दिन के समय भी रात जैसी ठिठुरन महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को प्रदेश के 16 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है।
मुजफ्फरपुर समेत कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। यहां विजिबिलिटी घटकर महज 20 मीटर रह गई है, जिससे जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, हवा में नमी का स्तर 90 प्रतिशत से अधिक पहुंच चुका है। इसके कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर काफी कम हो गया है, जिससे दिन और रात दोनों समय कंपकंपी वाली ठंड महसूस हो रही है।
बीते 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम भले ही शुष्क रहा हो, लेकिन तापमान में लगातार गिरावट और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बक्सर जिले में शनिवार को ठंड के कारण तीन छात्राएं बेहोश हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले पांच से छह दिनों तक प्रदेश को कोहरे और कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।