सीएम सम्राट को बहनों ने बांधी राखी, दिल्ली में तेजस्वी ने बहनों से बंधवाई राखी, नीतीश क्या बोले?

आज रक्षाबंधन के मौके पर शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहनों से राखी बंधवाया है। वहीं दिल्ली में तेजस्वी यादव ने बहनों से राखी बंधवाई है।

भाई-बहन के अटूट प्रेम को समर्पित रक्षाबंधन का पावन पर्व देश भर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। ये पवित्र त्योहार हर साल श्रावण पूर्णिमा के दिन यानी सावन के आखिरी दिन पर मनाया जाता है और इस साल यह 28 अगस्त 2026 को मनाया जा रहा है। आज रक्षाबंधन के मौके पर शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत तमाम नेताओं ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी। वहीं, लालू परिवार इस बार दिल्ली में रक्षाबंधन का त्योहार मना रहा है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहनों से राखी बंधवाया है। सीएम सम्राट ने अपनी बहनों के साथ फोटो शेयर किया है, जिसमें उनकी बहनें सीएम को राखी बांध रही है। सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-इस पवित्र धागे में सिमटा है स्नेह अपार। आज रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मेरी बहनों ने स्नेह और आशीर्वाद से मेरी कलाई पर राखी बांधी। ईश्वर से कामना है कि हमारी सभी बहनों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियाँ सदैव बनी रहें। रक्षाबंधन की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ।

वहीं लालू प्रसाद यादव का पूरा परिवार भी रक्षाबंधन के लिए दिल्ली में है। दिल्ली में ही तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव अपनी बहनों से राखी बंधवाया है। परिवार के लिए रक्षाबंधन का यह त्योहार इस बार दिल्ली में ही मनाया जाएगा। तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा है-भाई-बहन के अटूट प्रेम, अपार स्नेह, अखंड विश्वास व भावनाओं के पवित्र पर्व रक्षाबंधन की आप सबों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आइए इस पावन पर्व पर हम सभी बहनों, बेटियों और माता तुल्य महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का प्रण लें।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन के साथ ‘बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस’ के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने X पर लिखा कि वृक्ष हमारे जीवन और पर्यावरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए वृक्षारोपण और पेड़ों का संरक्षण जरूरी है। नीतीश कुमार ने लोगों से अपील की कि रक्षाबंधन और बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस के मौके पर सभी पेड़ों की रक्षा करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लें।