बड़ी खबर: राजधानी में अपराधियों का दुस्साहस, ऑफिस में घुसकर पूर्व पार्षद को मारी चार गोलियां

पटना: राजधानी से बड़ी खबर है। यहां बेलगाम अपराधियों ने सीधे सीधे कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। अपराधियों ने पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव को गोली मार दी। गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम बेलगाम अपराधियों ने पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि अनिल यादव का राजधानी के बुद्धा कॉलोनी थाना अंतर्गत चकारम स्थित अपार्टमेंट में ऑफिस है। अनिल अपने ऑफिस में ही थे। इसी दौरान वहां पहुंचे दो अपराधियों ने उनको निशाना बनाते हुए एक के बाद चार गोलियां मारी और वहां से पैदल ही फरार हो गये। राजधानी के व्यस्ततम इलाके में सरेआम घटी घटना के बाद पूरे इलाके में हडकंप मच गयी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड एकत्र हो गयी। ज्ञात हो कि अनिल यादव वार्ड नंबर 24 की वर्तमान वार्ड पार्षद ज्ञानवती देवी के पति हैं और पूर्व में वार्ड पार्षद रह चुके हैं।

प्राप्त खबर के अनुसार अपराधियों ने अनिल को निशाना बनाते हुए गोलियां चलायी। घटना में अनिल बुरी तरह से घायल हो गए। इलाज के लिए उनको तत्काल अस्पताल में एडमिट कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अपराधियों को पकडने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और छापेमारी कर रही है।

पटना से राजन की रिपोर्ट