पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अभी थोड़ी देर पहले कैबिनेट की बैठक हुई। जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए। कुल 22 एजेंडों पर मुहर लगी है। पटना में मां सीता महिला विश्वविद्यालय और बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई। दोनों विश्वविद्यालयों को लेकर सरकार की ओर से अहम निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में पदाधिकारियों एवं कर्मियों के वेतनादि के लिए भी प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय की खास बात यह होगी कि यहां कुलपति से लेकर प्रोफेसर और अन्य कर्मियों तक महिला भागीदारी पर जोर दिया जाएगा। कैबिनेट ने विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों और कर्मियों के वेतनादि के लिए भी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। दानापुर के मौजा-भूसौला में 26.76 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए लगभग 348.90 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री गो-धन विकास ऋण योजना से पशुपालकों को बैंक ऋण के ब्याज पर 100 फीसदी सब्सिडी मिलेगी
वहीं मुख्यमंत्री गो-धन विकास ऋण योजना से पशुपालकों को बैंक ऋण के ब्याज पर 100 फीसदी सब्सिडी मिलेगी। इसके तहत लाभुकों को केवल मूलधन का भुगतान करना होगा। तीन उन्नत गाय या दो भैंस के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, रोजगार और पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी। योजना के लिए 1,600 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति दी गई है। वहीं, कोसी क्षेत्र में डेयरी विकास के लिए आठ परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिसमें पांच सौ नई दुग्ध सहकारी समितियों, डेयरी/मिल्क चिलिंग एवं BMCU जैसी सुविधाओं का विकास होगा। इसके लिए 126.07 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
वारिसलीगंज में नए चीनी मिल की स्थापना को मंजूरी दे दी गई है
वहीं कैबिनेट की बैठक में वारिसलीगंज में नए चीनी मिल की स्थापना को मंजूरी दे दी गई है। इससे 500 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश होगा जिससे नवादा, नालंदा, शेखपुरा और जमुई के हजारों-हजार किसानों को सीधे लाभ मिलेगा।
दिनकर की जयंती पर बेगूसराय को बड़ा तोहफा
कैबिनेट बैठक में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के मौके पर उनके नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने का भी फैसला लिया गया। सरकार ने रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय बेगूसराय की स्थापना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती पर मंत्रिपरिषद ने रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय बेगूसराय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है।