जुलाई में ही आएगा BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन, सदन में शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान, ट्रांसफर-पोस्टिंग पर बड़ी बात

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 21, 2026, 2:07:00 PM

बिहार विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन से लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर आई है। TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को खुशखबरी मिली है। शिक्षक नियुक्ति को लेकर विपक्ष के सवाल पर सरकार ने जवाब दिया है। राजद विधायकों की ओर से शिक्षक बहाली कैलेंडर और TRE-4 की अधिसूचना में देरी को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा ऐलान किया है।  उन्होंने स्पष्ट कहा कि TRE-4 की अधिसूचना जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में जारी कर दी जाएगी।  शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार 5 साल में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति करेगी।  

बिहार विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में राजद विधायक गौतम ने शिक्षा मंत्री से सवाल करते हुए पूछा कि सरकार ने शिक्षक बहाली को लेकर जो कैलेंडर जारी किया था, उसके अनुसार अगस्त महीने में शिक्षकों की नियुक्ति की बात कही गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रक्रिया शुरू क्यों नहीं हुई है। 2026 में भी अभी तक शिक्षक बहाली को लेकर कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। 

राजद विधायक के सवाल का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षक अभ्यर्थियों के हितों के प्रति पूरी तरह गंभीर है और भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रारंभिक विद्यालयों से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालयों तक शिक्षकों की ट्रांसफर और पोस्टिंग की प्रक्रिया अभी चल रही है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही शिक्षक बहाली की आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद जुलाई महीने के अंतिम सप्ताह में शिक्षा विभाग की ओर से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को शिक्षक नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना भेज दी जाएगी। इसके बाद बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से TRE-4 यानी शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर आधिकारिक वैकेंसी जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति करने का निर्देश दिया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग भर्ती प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि TRE-4 की बहाली शुरू होने के बाद शिक्षक अभ्यर्थियों की सभी शिकायतों का समाधान हो जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने  कहा कि प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बहाली की जाएगी। विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं ताकि TRE-4 परीक्षा के माध्यम से योग्य शिक्षकों का चयन किया जा सके। शिक्षा मंत्री के ऐलान के बाद माना जा रहा है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह तक TRE-4 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ सकता है। शिक्षा विभाग की ओर से BPSC को प्रस्ताव भेजे जाने के बाद आयोग भर्ती प्रक्रिया की आगे की रूपरेखा तय करेगा।