बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतगणना के बीच पटना के बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल स्थित काउंटिंग सेंटर पर हंगामा हो गया है। राजद, जन सुराज और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने काउंटिंग सेंटर पर CCTV कैमरे नहीं होने का आरोप लगाया। इस बीच पटना के बांकीपुर मतगणना केंद्र के बाहर एक शख्स के पास संदिग्ध फाइलें मिलने पर हंगामा खड़ा हो गया। जन सुराज प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने फॉर्म-16 जैसे दस्तावेज होने का दावा करते हुए उसे रंगेहाथ पकड़ा।
दरअसल स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है। इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 5.32 लाख से ज्यादा मतदाताओं के वोटों से होगा।
वहीं बिहार विधान परिषद की 8 सीटों की मतगणना के बीच पटना में मतगणना केंद्र के बाहर हंगामा हो गया है। मतगणना केंद्र के अंदर से एक कर्मचारी फाइलों का बंडल लेकर बाहर आ रहे थे. इस दौरान वहां मौजूद लोगों और यूट्यूबर्स ने कर्मचारी को घेर लिया और फाइलें खोलने की मांग करने लगे। काफी देर तक धक्का-मुक्की और कहासुनी के बाद वहां मौजूद लोगों ने फाइलों के बंडल खोल दिए। मौके पर फाइलों को लेकर अफरा-तफरी मच गई। जन सुराज प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने फॉर्म-16 जैसे दस्तावेज होने का दावा करते हुए उसे रंगेहाथ पकड़ा। गले में आई-कार्ड पहने इस व्यक्ति से पुलिस पूछताछ कर रही है और फाइलों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। कुछ लोगों ने फर्जी वोट के नारे भी लगाए। फाइलों में क्या था और उन्हें बाहर ले जाने का क्या कारण था, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर MLC चुनाव की मतगणना के बीच अनंत सिंह के घर पर मिठाइयां बन रही हैं। अनंत सिंह के समर्थकों ने अभी से मिठाइयां बांटना शुरू कर दिया है. अनंत सिंह के समर्थकों का कहना है कि JDU ने उन्हें बाहर कर बहुत ही गलत फैसला लिया है. वहीं जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के एमएलसी उम्मीदवार और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के आवास पर समर्थक डमरू और शंख लेकर पहुंचने लगे हैं। समर्थकों ने जीत का जश्न मनाना भी शुरू कर दिया है।
इससे पहले पटना के बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल स्थित मतगणना केंद्र पर राजद कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। राजद उम्मीदवार के समर्थकों ने काउंटिंग हॉल के अंदर सीसीटीवी कैमरे न लगाए जाने का विरोध करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। पटना एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान काउंटिंग हॉल में सीसीटीवी कैमरे न होने पर उठे सवालों के बीच जिला अधिकारी कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि इस चुनाव में मतगणना कक्ष के अंदर सीसीटीवी लगाने का नियम नहीं है और चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के तहत ही सभी प्रबंध किए गए हैं।