बिहार बंद: पटना के अलावा कई अन्य जिलों में बवाल, कई जगह पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झडप

नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का त्यागपत्र और छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठी चार्ज के विरोध में शनिवार को बुलाये गये बिहार बंद का असर राजधानी समेत राज्य के कई जिलों में देखने को मिला।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 25, 2026, 2:07:00 PM

नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का त्यागपत्र और छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठी चार्ज के विरोध में शनिवार को बुलाये गये बिहार बंद का असर राजधानी समेत राज्य के कई जिलों में देखने को मिला। इस बंद को छात्र संगठनों ने बुलाया था। 

बिहार बंद को लेकर के हालांकि प्रशासनिक स्तर पर भी पूरी तैयारी की गई थी। राजधानी में पुलिस सुबह से ही अलर्ट मोड पर थी। जैसे ही दिन चढ़ा, आइसा और इनौस के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम करके प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान जगह-जगह सड़क जाम किए गए। प्रशासनिक स्तर पर शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहा और शैक्षणिक संस्थाओं और संवेदनशील जगह में बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई थी। राजधानी के डाक बंगला चौराहा पर पुलिस ने छात्रों के हुजूम को तीतर बितर करने के लिए लाठी चार्ज भी किया। अब तक की मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने गांधी मैदान थाना क्षेत्र से 17 और कोतवाली थाना क्षेत्र से चार प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। 

इससे पहले राजधानी की जेपी गोलंबर पर जैसे ही छात्र प्रदर्शन के लिए एकत्र होने लगे, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। पटना यूनिवर्सिटी कैंपस और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ी कर दी गई है। विश्वविद्यालय क्षेत्र की घेराबंदी एसएसी के जवानों ने कर रखी है। विश्वविद्यालय के मेन गेट और छात्रावास के आसपास भी अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय स्थिति पैदा न हो।

छपरा में थाना चौक पर जहां प्रदर्शनकारियों के द्वारा पुलिस के एक वाहन में आग लगाये जाने की खबर है वहीं गोपालगंज जिले में भोरे में प्रदर्शनकारियों ने चार घंटे तक मुख्य सडक को जाम रखा। जिसके कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गयी। बता दें कि बिहार बंद को देखते हुए राजधानी के साथ छपरा, सिवान, आरा, मधेपुरा, भागलपुर, गोपालगंज, औरंगाबाद, पूर्णियां के अलावा कई अन्य जिलों से भी पुलिस के साथ छात्रों की झड़प की खबरें सामने आ रही है। इन झडप में कई पुलिसकर्मियों के साथ अन्य दूसरे लोगों को भी चोट पहुंचने की खबर है।

ब्यूरो रिपोर्ट