बर्फीली हवाओं से कांपा बिहार, अधिकतम-न्यूनतम तापमान का अंतर 4°C, राज्यभर में कोल्ड-डे चेतावनी

बिहार में ठंड ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बर्फीली पछुआ हवाओं के चलते कनकनी तेज हो गई है और पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 27, 2025, 9:23:00 AM

बिहार में ठंड ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बर्फीली पछुआ हवाओं के चलते कनकनी तेज हो गई है और पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शनिवार को राज्य के 38 जिलों के लिए कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

सुबह होते ही भोजपुर, बेतिया, बगहा, गोपालगंज समेत 20 से ज्यादा शहरों में घना कोहरा छा गया। हालात ऐसे रहे कि विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई। सड़कों पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। कई जगहों पर यातायात की रफ्तार बेहद धीमी रही।

मौसम विभाग के अनुसार, लगातार चल रही ठंडी पछुआ हवा के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य के 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे पहुंच चुका है। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

बीते 24 घंटों में पटना में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। शुक्रवार सुबह राजधानी घने कुहासे और तेज ठंडी हवाओं के साथ जागी। हालात यह थे कि सुबह 9 बजे तक 100 मीटर से आगे कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। कुहासा और ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 8 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जिससे पटना राज्य का सबसे ठंडा शहर बन गया।

वहीं जहानाबाद, बेतिया, बगहा और समस्तीपुर जैसे जिलों में भी घना कोहरा देखा गया। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड से राहत की कोई संभावना नहीं है। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।