राजधानी पटना की बांकीपुर उपचुनाव में गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक कुल 11.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। सुबह से ही कई बूथों पर मतदाताओं की कतारें देखी गईं। इस बीच पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद बूथ संख्या 366 के आसपास पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
बताया जा रहा है कि पीरबहोर इलाके में बूथ संख्या 366 के पास पुलिस को शराब की सूचना मिली थी। खबर थी कि एक व्यक्ति शराब की खेप लेकर पहुंचा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से शराब बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पटना सिटी एसपी ममता कल्याणी भी मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना को लेकर पूछताछ की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार अभियान चलाकर शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी मतदान के पहले चार घंटे में 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं बांकीपुर उपचुनाव में दलदली स्थित बूथ संख्या 143 पर EVM में खराबी आने के बाद उसे बदल दिया गया। स्थानीय लोगों ने मतदान केंद्र पर हंगामा किया। इस बीच बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,17,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम एक व्यक्ति के पास से जब्त की गई है। मामला पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने भवर पोखर स्थित पशु अस्पताल के पास जांच के दौरान यह कार्रवाई की।
बतातें चलें कि बांकीपुर विधानसभा में कुल 3,79,471 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाता 2,00,060 और महिला मतदाता 1,79,533 हैं। वहीं, थर्ड जेंडर 23 है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस सीट पर 85 वर्ष से अधिक उम्र के 3,166 मतदाता और 1,024 दिव्यांग मतदाता भी हैं। इन मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान के लिए कुल 422 बूथ बनाए गए हैं। जहां से लाइव स्ट्रीमिंग होगी। इसमें 247 सरकारी और 175 निजी भवनों में बने बूथों के साथ 9 चलंत केंद्र भी शामिल हैं।