राजधानी से बडी खबर है। यहां मूलरूप से असम की रहने वाली एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गयी। मृतका असम की थी और यहां किराये पर रहती थी। मृतका के मौत के बाद पुलिस पडताल में जुटी हुई है। घटना मंगलवार की है। मिली जानकारी के अनुसार राजधानी के दीघा थाना क्षेत्र के रोड नंबर 12 शैलेन्द्र सिंह के मकान में किराये पर रहने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान असम की रहने वाली माइटी उर्फ मीना के तौर पर हुई है। युवती के बारे में जानकारी मिलने के बाद मंगलवार की सुबह में मकान मालिक द्वारा इसकी सूचना डायल 112 को दी गई थी। बताया जा रहा है कि युवती यहां मेड का काम करती थी।
प्राप्त खबर के अनुसार मकान मालिक के बेटे राणा सिंह ने बताया कि मृतका पिछले तीन दिनों से बीमार थी। वो अपने माता पिता के साथ करीब आठ साल से यहां रह रही थी। इनके बीच पारिवारिक विवाद भी हुआ था। जिसके बाद मां अलग रह रही थी जबकि बाप बेटी साथ रह रही थी। उन्होंने बताया कि इनके पिता कुछ दिनों से नहीं थे। माइटी के बीमार होने की बात सामने आयी। जिसके बाद लोकल डॉक्टर से दिखाया गयाही होम आइसोलेशन में रखे थे। स्लाइन वगैरह चढ़ाया गया था। बीती रात दरवाजा बंद नहीं करने की हिदायत भी दी गयी थी। लेकिन मृतका ने दोनों तरफ से दरवाजे बंद कर लिए। सुबह जब हमने शीशा तोड़कर देखा तो उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
वहीं दूसरी ओर परिजन चंदन ठाकुर ने संदेह जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि माइटी बीमार थी। इसकी सूचना किसी को नहीं दी गई। इस बात का संदेह है कि दरवाजे को किसी और ने खोला होगा। मुझे बताया गया कि माइटी बेड पर है और जब यहां आया तो वह फर्श पर पड़ी थी। जबकि गोरखा समाज के अध्यक्ष सूरज थापा ने भी इस घटना पर संदेह जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। युवती बीमार थी, इसकी सूचना किसी को नहीं दी गयी। आज सुबह घटना की जानकारी दी गयी। मेरे द्वारा युवती की शादी की बात एक कुक से चलायी जा रही थी। वो बीएमपी में कार्यरत है। युवती स्वस्थ थी।
इधर पुलिस का कहना है कि दीघा थाने को यह सूचना मिली थी कि कुर्जी इलाके में शैलेंद्र सिंह के मकान से एक शव बरामद किया गया है। जिसके बाद पुलिस यहां पहुंची। पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा। एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच करेगी।
पटना से राजन की रिपोर्ट