बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर बिहार से देश तक खूब धूम है। आज बाढ़ के नदवां गांव में यह शादी हो रही है। इस शाही शादी में शामिल होने के लिए नेताओं, मंत्रियों, सांसदों और कई चर्चित हस्तियों का पहुंचना जारी है। इस शाही शादी में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह नदवां गांव पहुंचे हैं और अनंत सिंह से मुलाकात की। वहीं शादी समारोह में उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद और चर्चित नेता बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से पहुंचे हैं।
शिवांगी सिंह की शाही शादी से पहले नदवां गांव में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। शाम 4 बजे तक होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब तीन दर्जन घोड़े हिस्सा लें रहे हैं। मुंगेर सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया है। विजेता को महिंद्रा थार इनाम में दी जाएगी। घुड़दौड़ का पहला इनाम यानी चमचमाती थार गाड़ी मैदान में पहुंच चुकी है। मैदान में खड़ी थार को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
इससे पहले मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी में शामिल होने बुधवार को केंद्रीय मंत्री और मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पहुंचे। बाढ़ के नदवा स्थित अनंत सिंह के आवास पर ललन सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। वहीं नदवां गांव में बनाए गए विशेष हेलीपैड पर हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग भी शुरू हो गई है। शादी समारोह में पहला हेलीकॉप्टर उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद और चर्चित नेता बृजभूषण शरण सिंह को लेकर पहुंचा है।
रात 9 बजे होगा जयमाला
शादी का मुख्य कार्यक्रम रात में होगा। जिसमें फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजे भव्य मंच पर रात 9 बजे शिवांगी और ऋषिकेश एक-दूसरे को वरमाला पहनाएंगे। इसके बाद विवाह की रस्में शुरू होंगी और दोनों सात फेरे लेकर जीवनसाथी बनेंगे। जिसके बाद सिंदूरदान समेत अन्य पारंपरिक रस्में देर रात तक चलेंगी।
बारात में शामिल होंगी 151 गाड़ियां
शिवांगी की शादी के लिए दूल्हे ऋषिकेश कुमार अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ 151 गाड़ियों के काफिले लेकर बिहटा के कृष्णानगर से नदवां पहुंचेंगे। बारात के पारंपरिक स्वागत, रस्मों और भोजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
भोज की तैयारी के लिए 300 से अधिक चूल्हे लगाए गए हैं और बिहार व दूसरे राज्यों से आए करीब 500 हलवाई व कारीगर बड़े-बड़े कड़ाहों में पकवान तथा मिठाइयां बनाने में जुटे हैं। विधायक अनंत सिंह ने होने वाले दामाद को करीब 2.5 करोड़ की डिफेंडर गाड़ी गिफ्ट किया है। तिलक समारोह में यह गाड़ी आकर्षण का केंद्र बना रहा।