अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बिहार प्रदेश द्वारा परिषद के शिल्पकार, प्रखर शिक्षाविद् एवं राष्ट्रवादी चिंतक प्रो. यशवंतराव केलकर जी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर "प्रिय केलकर जी" पर विशेष अभिवाचन कार्यक्रम का आयोजन बिहार विधानसभा के विस्तारित सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री गोविंद नायक उपस्थित रहे। मंच पर अभाविप की पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य श्रीमती किरण घई, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य समीक्षा यदुवंशी, दक्षिण बिहार प्रदेश अध्यक्ष विनीत लाल, दक्षिण बिहार प्रदेश मंत्री सुमित कुमार सिंह तथा उत्तर बिहार प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में दक्षिण बिहार प्रदेश अध्यक्ष विनीत लाल ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रो. यशवंतराव केलकर का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, संगठन निर्माण एवं छात्रशक्ति के सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि केलकर का चिंतन आज भी विद्यार्थी परिषद के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शन का आधार है। तथा उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।
अपने उद्बोधन में किरण घई ने कहा कि प्रो. यशवंतराव केलकर जी ने विद्यार्थी परिषद को एक सशक्त वैचारिक आधार प्रदान किया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और विद्यार्थियों के हितों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता केलकर जी के आदर्शों को आत्मसात कर समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सतत कार्य कर रहा है।
मुख्य वक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रो. यशवंतराव केलकर जी ने विद्यार्थी परिषद को केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बनाया। उन्होंने विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके विचार आज भी देश के युवाओं के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने संगठन की स्थापना के समय थे।
अपने प्रेरक उद्बोधन में गोविंद नायक ने कहा कि प्रो. केलकर जी का चिंतन भारतीय शिक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं संगठनात्मक कार्यपद्धति का सशक्त आधार है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में उत्तर बिहार एवं दक्षिण बिहार के बड़ी संख्या में पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों, शिक्षाविदों तथा गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने प्रो. यशवंतराव केलकर जी के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
अंत में उत्तर बिहार प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों तथा उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ।