राजधानी के पटना साहिब स्थित आगामी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के सफल आयोजन एवं देश-विदेश से आने वाली संगतों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सोमवार को आयोजित की गई।
बैठक में प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, आवास, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से संगतों के लिए निर्माणाधीन नई इमारतों के कार्य को शीघ्र पूरा करने पर बल दिया गया, ताकि प्रकाश पर्व से पूर्व सभी भवन पूरी तरह तैयार होकर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए उपलब्ध हो सकें। प्रबंधक समिति के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही की अध्यक्षता में महासचिव इंद्रजीत सिंह उपाध्यक्ष लखविन्दर सिंह, उपाध्यक्ष गुरुविंदर सिंह, सुमित सिंह कलसी ने बैठक में उपस्थित सभी कार सेवाओ के मुखी एवं उनके संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने का आग्रह किया। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर आने वाली प्रत्येक संगत को बेहतर आवास एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग एवं समन्वित प्रयासों से आगामी प्रकाश पर्व ऐतिहासिक, भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न होगा तथा देश-विदेश से आने वाली संगतों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।