पटना : बिहार पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बने खगड़िया के पूर्व एसपी एवं 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा विवाद अब एक नए कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है। पत्नी की शिकायतों और तीन नवंबर को एसपी आवास पर हुए धरना और हाईवोल्टेज घटनाक्रम के बाद अब पूजा सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ खगड़िया में प्राथमिकी दर्ज हुई है। इस मामले में धनवंत सिंह राठौर का नाम भी शामिल है।
इस बीच 4 नवंबर को SP पद से हटाए गए भानु प्रताप सिंह
दरअसल, भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने अपने पति पर प्रताड़ना, बेटी से दूर रखने और पारिवारिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। पूजा सिंह ने पटना में महिला थाने और महिला आयोग तक अपनी शिकायत पहुंचाई थी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से परिवार को फिर से बसाने और अपनी बेटी के साथ रहने की इच्छा भी जाहिर की थी। विवाद लगातार बढ़ता गया और चार नवंबर को बिहार सरकार के गृह विभाग ने भानु प्रताप सिंह को खगड़िया एसपी के पद से हटाकर पटना स्थित पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश जारी कर दिया। उनकी जगह शैलेंद्र सिंह को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया।
अब पूजा सिंह और धनवंत सिंह राठौर समेत 7 लोगों पर FIR
मामले में नया मोड़ तीन नवंबर को एसपी आवास के बाहर हुए धरने के घटनाक्रम से आया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, खगड़िया मुफस्सिल थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के स्व-बयान पर पूजा सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद लोगों में शामिल हैं पूजा सिंह, पुष्पा देवी पारीक, नीरज कुमार पारीक, आरती सिंह, सोनू सिंह, प्रह्लाद मिश्रा, धनवंत सिंह राठौर प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 132, 352, 61(2)(a) और 3(5) का उल्लेख किया गया है।
क्या है SP आवास पर हुए घटनाक्रम का मामला?
थानाध्यक्ष के बयान के मुताबिक, तीन नवंबर की सुबह पूजा सिंह एसपी आवास के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गई थीं। पुलिस का आरोप है कि उन्होंने आवागमन और सरकारी कामकाज बाधित किया। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों से कहा कि उन्हें गोली मार दी जाए या उनका एनकाउंटर कर दिया जाए। रात में भी पूजा सिंह धरना पर ही बैठी रही और सुबह 6:30 में वहाँ से उठी। थानाध्यक्ष के आरोपों के मुताबिक, पूजा सिंह ने धनवंत सिंह राठौर समेत कुछ लोगों का भी जिक्र किया था, जिन्होंने उन्हें वहां धरने पर बैठने के लिए कहा था। इन आरोपों की सत्यता जांच और न्यायिक प्रक्रिया से ही स्थापित होगी।
कहानी अभी बाकी है!
एक तरफ पूजा सिंह अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी बेटी और परिवार के साथ रहने की गुहार लगा रही हैं। वहीं दूसरी तरफ उनके खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा और पुलिस अधिकारी की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज हुआ है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस पारिवारिक विवाद की कानूनी लड़ाई आगे क्या मोड़ लेती है और दोनों पक्षों के आरोपों पर जांच में क्या सामने आता है।
पटना से अनूप नारायण सिंह की रिपोर्ट