खेल रहे मासूम पर मौत बन कर गिरी गेट, मौके पर हुई दर्दनाक मौ*त

खेल रहे मासूम पर मौत बन कर गिरी गेट, मौके पर हुई दर्दनाक मौ*त

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jun 22, 2026, 1:04:00 PM

राज्य के नवादा जिले से बेहद दर्दनाक खबर है। यहां एक मासूम के ऊपर लोहे की गेट मौत का दूत बनकर गिर गयी। हादसे में मासूम की मौत हो गयी। घटना के बाद एक तरफ जहां स्थानीय लोगों में आक्रोश है, वहीं दूसरी तरफ परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है।

मिली जानकारी के अनुसार नवादा शहर के हरिश्चंद्र स्टेडियम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। प्राप्त खबर के अनुसार स्टेडियम का गेट नंबर-3 अचानक गिर गया, जिससे वहां खेल रहा मासूम उसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को उसी अवस्था में आनन-फानन में इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। दीपक के पिता मुकेश हरिश्चंद्र स्टेडियम के ही निवासी बताये जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि दीपक स्टेडियम के पास ही खेल रहा था। इसी दौरान गेट नंबर-3 अचानक उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मासूम के ऊपर गेट को गिरते देख स्थानीय लोग मदद के लिए दौडे। स्थानीय लोगों की मदद से ही उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

हालांकि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।