सनकी पति ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर कर दी पत्नी की हत्या, इलाके में सनसनी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 21, 2026, 6:57:00 PM

नालंदा के रहुई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 में सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान रिंकी देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति पंकज राम बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, पंकज राम मानसिक रूप से विक्षिप्त है और अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित पति ने घर में रखी लोहे की रॉड से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

घटना के वक्त घर के अन्य सदस्य धान की रोपनी के लिए खेत में गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी पति वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी-2 संजय जायसवाल, रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। 

डीएसपी संजय जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद हत्या की घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट