मिड डे मील खाने से 18 छात्राओं की बिगड़ी तबीयत, सब्जी में नमक की जगह सर्फ डाल दिया

नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के परासी मिडिल स्कूल में मिड डे मील का खाना खाने के बाद करीब 18 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी छात्राओं को इलाज के लिए बिहार शरीफ स्थित मॉडल अस्पताल लाया गया।

नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के परासी मिडिल स्कूल में मिड डे मील का खाना खाने के बाद करीब 18 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी छात्राओं को इलाज के लिए बिहार शरीफ स्थित मॉडल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। 

घटना के बाद छात्राओं के परिजनों में पैनिक की स्थिति है और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। बताया जा रहा है कि स्कूल में मिड डे मील का भोजन दूसरे स्कूल से बनकर आया था। भोजन में सोयाबीन की सब्जी भी शामिल थी। 

स्कूल शिक्षक के अनुसार, सब्जी में नमक कम होने पर कुछ छात्राओं ने नमक मांगा। इसी दौरान गलती से नमक की जगह सर्फ परोस दिया गया। इसके बाद छात्राओं ने सब्जी खाई, जिसके कुछ देर बाद कई बच्चों को पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत शुरू हो गई।

तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने बच्चों को इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नालंदा के सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह समेत कई चिकित्सक अस्पताल पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। 

सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल चिकित्सकों की टीम बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटना के बाद मिड डे मील की गुणवत्ता और स्कूल में भोजन परोसे जाने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट