एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संजय कुमार के ठिकानों पर छापेमारी, EOU का बड़ा एक्शन

आय से अधिक संपत्ति के मामले में पथ निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संजय कुमार के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बड़ी कार्रवाई की है। संजय कुमार फिलहाल खगड़िया में पदस्थापित हैं।

आय से अधिक संपत्ति के मामले में पथ निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संजय कुमार के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बड़ी कार्रवाई की है। बिहारशरीफ के मोगलकुआं-बौलीपर स्थित आवास समेत खगड़िया और पटना में एक साथ छापेमारी चल रही है। संजय कुमार फिलहाल खगड़िया में पदस्थापित हैं।

बताया जा रहा है कि करीब छह सदस्यीय टीम अचानक उनके बिहारशरीफ स्थित आवास पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कई घंटों से बंद कमरे में कार्रवाई जारी है। हालांकि, छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। 

परिजनों के मुताबिक संजय कुमार के एक बेटे और एक बेटी हैं, दोनों मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। आर्थिक अपराध इकाई को संजय कुमार पर पद का दुरुपयोग कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की सूचना मिली थी। सत्यापन के बाद मामला दर्ज कर यह कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट