एक बच्चा ट्रेन में, दूसरा स्टेशन पर जन्मा, महिला ने ट्रेन में जुड़वा बच्चों को दिया जन्म

दिल्ली से अपने गांव लौट रही एक गर्भवती महिला ने श्रमजीवी एक्सप्रेस में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। पहला बच्चा ट्रेन के अंदर पैदा हुआ, जबकि दूसरा बच्चा बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर जन्मा।

दिल्ली से अपने गांव लौट रही एक गर्भवती महिला ने श्रमजीवी एक्सप्रेस में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। पहला बच्चा ट्रेन के अंदर पैदा हुआ, जबकि दूसरा बच्चा बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर जन्मा। दोनों बच्चों और मां को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां नवजात बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

महिला के पति दशरथ ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी का काम करता है। उसकी पत्नी सिम्पू देवी गर्भवती थी और प्रसव का समय नजदीक होने के कारण वह उसे लेकर अपने गांव लौट रहा था। सफर के दौरान श्रमजीवी एक्सप्रेस में अचानक महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन में मौजूद यात्रियों की मदद से उसने एक बेटे को जन्म दिया। 

ट्रेन जैसे ही बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पहुंची, महिला की दोबारा प्रसव पीड़ा बढ़ गई और प्लेटफॉर्म पर ही उसने दूसरी संतान, एक बच्ची, को जन्म दिया। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद अधिकांश लोग मूकदर्शक बने रहे। इसी बीच किन्नर समाज के लोगों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए जच्चा और दोनों नवजातों की देखभाल की। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर मां और दोनों बच्चों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में तीनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार नवजात बच्ची की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है, जबकि मां और नवजात बेटे की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। किन्नर समाज की इस संवेदनशील पहल की लोग सराहना कर रहे हैं।

 नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट