मुजफ्फरपुर में छात्र प्रदर्शन उग्र, कई स्थानों पर हंगामा और तोड़फोड़, SSP ने संभाला मोर्चा

मुजफ्फरपुर में बृहस्पतिवार देर शाम छात्रों का प्रदर्शन उग्र रूप लेता दिखा। विभिन्न मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे छात्रों ने कई प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाज़ी की।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 24, 2026, 10:22:00 AM

शहर में बृहस्पतिवार देर शाम छात्रों का प्रदर्शन उग्र रूप लेता दिखा। विभिन्न मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे छात्रों ने कई प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाज़ी की। इस दौरान मिठनपुरा पानी टंकी चौक, कल्याणी चौक और समाहरणालय परिसर के आसपास बड़ी संख्या में छात्र जुटे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने स्थिति का फायदा उठाते हुए कई स्थानों पर तोड़फोड़ की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। विशेष रूप से कल्याणी चौक और समाहरणालय परिसर के पास उपद्रवियों द्वारा व्यापक तोड़फोड़ की गई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।

इधर, देर रात मुजफ्फरपुर  के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्र ने सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव आकर पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील करते हुए किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी संपत्ति जनता की संपत्ति है और उसे नुकसान पहुंचाना कानूनन अपराध है।

SSP ने आम नागरिकों से भी शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि तोड़फोड़ और हिंसा में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरपुर से मुकेश चौरसिया की रिपोर्ट