घर के बाहर टहल रहे युवक को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

कांटी थाना क्षेत्र के साइन गांव स्थित महावीर चौक के पास शनिवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान दसई महतो के 19 वर्षीय पुत्र कैलाश महतो के रूप में हुई है।

कांटी थाना क्षेत्र के साइन गांव स्थित महावीर चौक के पास शनिवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान दसई महतो के 19 वर्षीय पुत्र कैलाश महतो के रूप में हुई है। उसे गंभीर अवस्था में मुजफ्फरपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, कैलाश महतो शनिवार रात खाना खाने के बाद अपने घर के दरवाजे पर टहल रहा था। इसी दौरान महावीर चौक की ओर से स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने मास्क पहन रखा था। बाइक रोकते ही एक बदमाश ने कैलाश पर गोली चला दी। गोली उसके प्राइवेट पार्ट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद दोनों बदमाश बाइक से मैसाहा गांव की ओर फरार हो गए।

परिजनों ने आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। स्वजनों ने बताया कि कैलाश महतो टेंट हाउस में मजदूरी का काम करता है। फिलहाल गोली मारने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

मुजफ्फरपुर से मुकेश चौरसिया की रिपोर्ट