सुगौली अंबेडकर छात्रावास में भोजन को लेकर छात्रों का हंगामा, एसडीओ ने की कार्रवाई

मोतिहारी के सुगौली स्थित अंबेडकर छात्रावास में गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता खराब होने के कारण उन्होंने एक दिन से खाना नहीं खाया।

मोतिहारी के सुगौली स्थित अंबेडकर छात्रावास में गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता खराब होने के कारण उन्होंने एक दिन से खाना नहीं खाया। कुछ छात्रों के दूषित भोजन खाने से बीमार पड़ने की भी बात सामने आई है। 

मामले की जानकारी मिलने पर सदर एसडीओ अरुण कुमार पांडेय तत्काल छात्रावास पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान कई तरह की गड़बड़ियां मिलने की बात एसडीओ ने कही। उन्होंने पीटी शिक्षक का वेतन रोकने की कार्रवाई की और छात्रावास प्रबंधन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया। 

एसडीओ अरुण कुमार पांडेय ने कहा कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है। मामले की जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा।

वहीं छात्र के परिजन नंदलाल राम ने बताया कि उनका नाती छात्रावास में पढ़ता है, लेकिन खराब भोजन मिलने के कारण उसने एक दिन से खाना नहीं खाया है। उन्होंने बताया कि कुछ बच्चे दूषित भोजन खाने से बीमार हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

 मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट