पूर्वी चंपारण के सुगौली प्रखंड के लालपरसा दखिनवारी टोला वार्ड नंबर-5 में सिकरहना नदी का कटाव लगातार भयावह होता जा रहा है। तेज बहाव के कारण कई फीट जमीन नदी में समा चुकी है, जिससे आधा दर्जन परिवारों के घरों पर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है। नेपाल तराई में लगातार हो रही बारिश के बाद सिकरहना नदी का जलस्तर बढ़ने से सुगौली प्रखंड के लालपरसा दखिनवारी टोला में कटाव तेज हो गया है।
हालात ऐसे हैं कि कृपा देवी और सुमन प्रसाद का घर नदी के बिल्कुल किनारे पहुंच गया है और कभी भी नदी में समा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार वर्षों से कटाव लगातार जारी है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
सुभाष पटेल, ढोराई पटेल, पासपत पटेल, उमाशंकर पटेल और चंदन पटेल ने बताया कि हर रात जमीन कटने की आवाज सुनकर परिवार दहशत में रहता है। यदि जल्द सुरक्षा कार्य नहीं कराया गया तो कई परिवार बेघर हो जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कटाव निरोधी कार्य शुरू कर स्थायी समाधान की मांग की है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट