पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। परतापुर गांव में 7-8 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश देर रात एक घर में घुसे और करीब 45 मिनट तक तांडव मचाया। बदमाशों ने घर के लोगों को बंधक बनाकर लगभग 5 लाख रुपये नकद और 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए।
चिरैया थाना क्षेत्र के परतापुर गांव में देर रात 7-8 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश सीढ़ी के सहारे घर में घुस गए। बदमाशों ने बरामदे में सो रहे बिकाऊ राउत पर लोहे की रॉड से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। इसके बाद घर मालिक हीरा चंद्र मिश्रा, उनकी पत्नी और बुजुर्ग मां को बंधक बनाकर पूरे घर की तलाशी ली।
डकैतों ने अलमारी और पलंग तोड़ दिए तथा करीब 5 लाख रुपये नकद और 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। जाते समय दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और सबूत मिटाने की नीयत से घर के सभी मोबाइल फोन तोड़ दिए।
पीड़ितों के अनुसार सभी बदमाश खाकी हाफ पैंट और सफेद टी-शर्ट पहने थे तथा भोजपुरी और हिंदी मिश्रित भाषा बोल रहे थे। सूचना पर सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट