मोतिहारी जिला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने जिला परिवहन कार्यालय (DTO) में व्याप्त अव्यवस्था और आम लोगों के कार्यों में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया है कि परिवहन कार्यालय में लंबे समय से कोई भी अधिकारी समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं, जिससे आम लोगों और वाहन मालिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि परिवहन कार्यालय में महीनों से एक तरह का लापरवाह रवैया देखने को मिल रहा है। बिना किसी उचित कारण के लोगों का काम लंबित रखा जाता है और विभिन्न कार्यों के लिए कार्यालय का लगातार चक्कर लगवाया जाता है। इसके अलावा, कार्यालय परिसर में रखे बायोमेट्रिक सिस्टम और डेटा ऑपरेटर के माध्यम से भी रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यदि परिवहन कार्यालय की कार्यशैली में जल्द सुधार नहीं किया गया और आम जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो ट्रक ऑनर एसोसिएशन आंदोलन करने को बाध्य होगा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अपनी मांगों को लेकर वे जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे और कार्यालय की व्यवस्था में सुधार की मांग करेंगे।
एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो ट्रक मालिकों और अन्य वाहन संचालकों के साथ मिलकर जिला परिवहन कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर परिवहन कार्यालय की कार्यप्रणाली को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में जिला परिवहन कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट