भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रक्सौल पुलिस ने नशीली इंजेक्शन की बड़ी खेप के साथ एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि रक्सौल में सज्जन पासवान के घर से नशीली दवाओं का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 28 हजार 85 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए।
मामले में पुलिस ने महिला तस्कर पूनम देवी और सज्जन पासवान को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि बरामद नशीली इंजेक्शन की खेप को तस्करी के उद्देश्य से लाया गया था।
वहीं रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि पुलिस की ओर से लगातार सूखे नशे और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पूर्वी चंपारण से प्रकाश सिंह की रिपोर्ट