जिला पदाधिकारी के आदेश के आलोक में मोतिहारी के छतौनी थाना परिसर में बड़ी मात्रा में जब्त देसी एवं विदेशी शराब का विनष्टीकरण किया गया। वर्ष 2023 से वर्ष 2025 के दौरान विभिन्न मामलों में जब्त की गई करीब 800 लीटर शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया।
विनष्टीकरण की प्रक्रिया सदर अंचलाधिकारी सुनील कुमार एवं छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पूरी की गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जब्त शराब को जेसीबी मशीन की सहायता से नष्ट किया गया।
पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई वही मोतिहारी अंचल अधिकारी सुनील कुमार ने कहा बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न छापेमारी अभियानों के दौरान जब्त की गई शराब को न्यायालय एवं सक्षम प्राधिकारी के आदेश के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण किया जाता है।
इसी कड़ी में आज देसी विदेशी 800 लीटर शराब को वशिष्ठ किया जा रहा है। छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट