मोतिहारी सदर अस्पताल में 10 बेड का ICU शुरू, पांच अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा का शुभारंभ

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 22, 2026, 6:45:00 PM

पूर्वी चंपारण के लोगों के लिए बड़ी स्वास्थ्य सौगात मिली है। मोतिहारी सदर अस्पताल में 10 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू की शुरुआत हो गई है। साथ ही जिले के पांच अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा भी शुरू कर दी गई है, जिससे गंभीर मरीजों और किडनी रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से राज्य की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसी क्रम में मोतिहारी सदर अस्पताल में 10 बेड के आधुनिक आईसीयू का शुभारंभ हुआ। अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने फीता काटकर आईसीयू का उद्घाटन किया। 

इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने आईसीयू का निरीक्षण कर बेहतर संचालन और गंभीर मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 

नई सुविधा शुरू होने से अब गंभीर मरीजों को छोटी-छोटी वजहों से पटना या अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम होगी। वहीं जिले के पांच अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा शुरू होने से किडनी मरीजों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट