मोतिहारी में डिग्री कॉलेज उद्घाटन कार्यक्रम में अव्यवस्था, विधायक प्रमोद कुमार का वीडियो वायरल

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वर्चुअल माध्यम से कई डिग्री कॉलेजों का एक साथ उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र के सूर्यपुर गांव में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में अव्यवस्था सामने आई।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 16, 2026, 12:20:00 PM

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वर्चुअल माध्यम से कई डिग्री कॉलेजों का एक साथ उद्घाटन किया गया, जिससे आम लोगों और छात्रों में खुशी का माहौल देखा गया। लेकिन इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र के सूर्यपुर गांव में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में अव्यवस्था सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, सूर्यपुर में आयोजित डिग्री महाविद्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय भाजपा विधायक प्रमोद कुमार पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर मंच, सजावट और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए टीवी की व्यवस्था भी की गई थी। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान तकनीकी खामी के कारण टीवी चालू नहीं हो सका, जिससे मुख्यमंत्री का संबोधन उपस्थित लोगों तक नहीं पहुंच पाया।

इस व्यवस्था में कमी को लेकर विधायक प्रमोद कुमार नाराज हो गए। वायरल हो रहे एक वीडियो में उन्हें जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को फोन कर नाराजगी जताते हुए सुना जा सकता है। वीडियो में विधायक कहते नजर आ रहे हैं कि उन्हें कार्यक्रम की सूचना देर रात दी गई थी और मौके पर पहुंचने के बाद उचित व्यवस्था नहीं मिली। 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डीईओ कार्यालय का एक कर्मचारी मौके पर आया और फिर चला गया, जबकि टीवी तक सही से चालू नहीं हो सका। विधायक ने फोन पर ही संबंधित प्रिंसिपल से बात कराने को भी कहा और पूरे आयोजन की तैयारी पर सवाल उठाए। इस दौरान उनके लहजे में नाराजगी साफ झलक रही थी। 

कार्यक्रम में मौजूद लोगों के अनुसार, इस घटना के कारण कुछ समय के लिए माहौल असहज हो गया। उधर, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग आयोजन की तैयारियों और प्रशासनिक समन्वय को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि इतने बड़े सरकारी कार्यक्रम में इस तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए थी।

हालांकि, वायरल वीडियो में विधायक द्वारा कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट