मोतिहारी : बिहार में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पूर्वी चंपारण पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में रक्सौल थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब चार करोड़ रुपए मूल्य का एक किलो 806 ग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पूरी कार्रवाई पूर्वी चंपारण के SP स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर की गई है
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक नई स्कॉर्पियो गाड़ी, दो मोबाइल फोन और सोने जैसी धातु का एक लॉकेट भी बरामद किया है। यह पूरी कार्रवाई पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर की गई है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच में जुटी है।
रक्सौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा- गुप्त सूचना के आधार पर टीम गठन कर छापेमारी की गई
वहीं रक्सौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम गठन कर छापेमारी की गई। इस दौरान चरस मादक पदार्थ बरामद किया गया है जिसको लखनऊ से नेपाल ले जाया जा रहा था। जिसकी अनुमानित कीमत चार करोड़ है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, पूछताछ की जा रही है।
मोतिहारी से प्रकाश सिंह की रिपोर्ट