बकरे का अनोखा जन्मदिन, केक काटकर हुई हनुमान आराधना, भंडारे का भी आयोजन

पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि प्रखंड की पानापुर रंजीता पंचायत के नवका टोला गांव में सोमवार को अनोखा आयोजन चर्चा का विषय बना रहा। गांव निवासी भिखारी प्रसाद ने अपने पालतू बकरे ‘सुनील कुमार’ का जन्मदिन धूमधाम से मनाया।

पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि प्रखंड की पानापुर रंजीता पंचायत के नवका टोला गांव में सोमवार को अनोखा आयोजन चर्चा का विषय बना रहा। गांव निवासी भिखारी प्रसाद ने अपने पालतू बकरे ‘सुनील कुमार’ का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस दौरान केक काटने के साथ हनुमान आराधना और पूजा-अर्चना की गई। 

आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हनुमान आराधना और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें महिला, पुरुष और बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया। 

भिखारी प्रसाद ने बताया कि बकरा लंबे समय से उनके परिवार के साथ रह रहा है और परिवार के सदस्य जैसा है। इसी लगाव के चलते उन्होंने उसका जन्मदिन मनाने का निर्णय लिया। आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट