राज्य के पूर्वी चंपारण से बडी खबर है। यहां अस्पताल परिसर में ही एक महिला सुरक्षा गार्ड के साथ छेडखानी किये जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अस्पताल में एम्बुलेंस सहायक के पद पर तैनात शुभम कुमार नाम के युवक ने महिला गार्ड के साथ इस घटना को अंजाम दिया। अब इसी घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि स्वराज पोस्ट इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। खबर यह भी है कि मामला प्रकाश में आने के बाद किसी भी पक्ष की तरफ से लिखित शिकायत नहीं करायी गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार मोतिहारी के पताही प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला सुरक्षा गार्ड के साथ कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में एम्बुलेंस सहायक के पद पर तैनात शुभम कुमार लगातार महिला गार्ड पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, महिला गार्ड अपनी ड्यूटी कर रही थी, इसी दौरान एम्बुलेंस सहायक द्वारा बार-बार फब्तियां कसने और अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया। परेशान होकर महिला गार्ड ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
इसके बाद गुस्साई महिला गार्ड ने अस्पताल परिसर में ही आरोपी युवक की लात-घूंसों और चप्पल से पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला गार्ड युवक की पिटाई करती नजर आ रही है, जबकि आसपास लोगों की भीड़ जमा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दिए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन की ओर से बयान का इंतजार है। शिकायत मिलने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट