मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। नाराज पति ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर (माथे) में गंभीर चोट लगी। घायल युवक को परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया।घायल युवक की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रहिका वार्ड संख्या-13, पोखर टोला निवासी कामेश्वर यादव के लगभग 30 वर्षीय पुत्र प्रशांत कुमार यादव के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में घायल के साथी श्रवण कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम मुरलीगंज थाना क्षेत्र के मीरगंज वार्ड संख्या-10 स्थित पोखर टोला में कुलदीप ऋषिदेव और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। उसी दौरान प्रशांत कुमार यादव ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया। इस दौरान उन्होंने कहा था कि यदि बार-बार झगड़ा होगा तो 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी जाएगी। इसके बाद मामला शांत हो गया।
श्रवण कुमार के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे प्रशांत कुमार यादव अपनी मोटरसाइकिल से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुलदीप ऋषिदेव ने उनकी बाइक रुकवाई और तंज कसते हुए कहा-112 को बुलाइएगा, बुलाओ। इसके बाद उसने एक हाथ में बेल्ट और दूसरे हाथ में चाकू लेकर प्रशांत पर हमला कर दिया। चाकू का वार सीधे उसके सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, घटना के बाद घायल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले में मुरलीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव करने को लेकर युवक पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
मधेपुरा से रविकांत कुमार की रिपोर्ट