बाल विवाह के खिलाफ किशनगंज प्रशासन का सख्त संदेश, अब न बाल विवाह होगा, न किसी बेटी का बचपन छिनेगा

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी नवीन कुमार के आदेश व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, ICDS सह नोडल पदाधिकारी, WCDC किशनगंज बंदना पांडेय के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में किया गया।

किशनगंज : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने व समाज में बेटियों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को किशनगंज के खेल भवन में International Day for the Elimination of Child, Early and Forced Marriage के अवसर पर एकदिवसीय जिला स्तरीय उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी नवीन कुमार के आदेश व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, ICDS सह नोडल पदाधिकारी, WCDC किशनगंज बंदना पांडेय के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में किया गया।

बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों, उनके बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है - DM

इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बाल विवाह के विरुद्ध सख्त संदेश देते हुए कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों, उनके बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। किशनगंज जिले में बाल विवाह किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग देने अथवा उसे बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध कानून के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त किशनगंज का लक्ष्य केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का संकल्प होना चाहिए। प्रत्येक नागरिक आगे आए और बाल विवाह रोकने में अपनी जिम्मेदारी निभाए, ताकि जिले की हर बेटी को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अपने सपनों के अनुसार जीवन जीने का अवसर मिल सके। 

'हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी बच्ची शिक्षा से वंचित न हो और कम उम्र में विवाह जैसी कुप्रथा का शिकार न बने'

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, ICDS सह नोडल पदाधिकारी, WCDC किशनगंज बंदना पांडेय ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह को समाप्त करना केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप देना होगा। इसके लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं, महिला पर्यवेक्षिकाओं, ANM, स्वास्थ्य कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। बाल विवाह का सबसे अधिक दुष्प्रभाव बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर पड़ता है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी बच्ची शिक्षा से वंचित न हो और कम उम्र में विवाह जैसी कुप्रथा का शिकार न बने। 

बाल विवाह मुक्त किशनगंज के निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है

उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि अपने-अपने क्षेत्रों में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाएं और ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित करें। बाल विवाह मुक्त किशनगंज के निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों ने बाल विवाह के सामाजिक, कानूनी, प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर विस्तारपूर्वक अपने विचार रखे। इस दौरान कुमारी रेखा, CDPO बहादुरगंज, हर्ष हिमांशु, CDPO किशनगंज, नागेंद्र कुमार, CDPO कोचाधामन, जिला मिशन समन्वयक मो. शाहबाज आलम, जेंडर स्पेशलिस्ट, सुशील कुमार झा, वन स्टॉप सेंटर के सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर रोशनी परवीन, महिला पर्यवेक्षिका प्रीति सिंह व जिला बार एसोसिएशन की पैनल अधिवक्ता संगीता मानव ने बाल विवाह से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

जिला समन्वयक मुजाहिद आलम ने बाल विवाह के सभी महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित जन निर्गम केंद्र के जिला समन्वयक मो. मुजाहिद आलम ने बाल विवाह के सभी महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह निषेध कानून के प्रावधानों, बाल विवाह कराने एवं उसमें सहयोग करने वालों की कानूनी जवाबदेही, पीड़ित बच्चों के अधिकारों तथा ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए उपलब्ध कानूनी प्रक्रियाओं पर प्रतिभागियों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कानूनी एवं नैतिक दायित्व भी है।

कार्यक्रम में किशनगंज जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं ANM ने उत्साहपूर्वक भाग लिया

कार्यक्रम में किशनगंज जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं ANM ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विषय विशेषज्ञों से बाल विवाह की रोकथाम, कानूनी कार्रवाई, पीड़ित बालिकाओं के संरक्षण तथा जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने से संबंधित कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनके सवालों का विस्तारपूर्वक जवाब देकर व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर जन निर्गम केंद्र की पूरी टीम ने कार्यक्रम में सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता निभाई। टीम द्वारा बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानून एवं अधिकारों की जानकारी पहुंचाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि बेटियों का बचपन सुरक्षित रखना

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी संबंधित विभागों एवं जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मियों को बाल विवाह की रोकथाम के प्रति संवेदनशील बनाना, आपसी समन्वय को मजबूत करना तथा बाल विवाह मुक्त किशनगंज के लक्ष्य को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों को गति देना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि बेटियों का बचपन सुरक्षित रखना, उन्हें शिक्षित करना और बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त समाज का निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किशनगंज प्रशासन इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

किशनगंज से इमामुद्दीन की रिपोर्ट