पत्नी से विवाद के बाद युवक ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग

जहानाबाद। शुक्रवार की सुबह जहानाबाद रेलवे स्टेशन के समीप एक युवक ने कथित तौर पर ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि ट्रेन की रफ्तार धीमी होने के कारण उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जहानाबाद। शुक्रवार की सुबह जहानाबाद रेलवे स्टेशन के समीप एक युवक ने कथित तौर पर ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि ट्रेन की रफ्तार धीमी होने के कारण उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रेल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

पुलिस की जांच और परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद घायल की पहचान गया जिले के टेकारी थाना क्षेत्र निवासी मोनू मांझी के रूप में हुई। सूचना मिलते ही उसके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। घायल के बड़े भाई सोनू मांझी ने बताया कि मोनू अपनी पत्नी के साथ पटना से घर लौट रहा था। दोनों के बीच रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान मोनू ट्रेन से उतर गया और आवेश में आकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। 

उन्होंने बताया कि ट्रेन की गति कम होने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हुआ, लेकिन उसकी जान बच गई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद उनकी भाभी सदमे में हैं और फिलहाल कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। सोनू मांझी ने यह भी बताया कि मोनू पटना में राजमिस्त्री का काम करता है।

घटना की सूचना मिलते ही रेल थाना पुलिस और रेलवे कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को एंबुलेंस से जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। रेल थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि घटना की सूचना आम लोगों एवं रेलवे के माध्यम से मिली थी। 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया। उन्होंने बताया कि घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उसे पटना पीएमसीएच अथवा गया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। परिजन उसे गया मेडिकल कॉलेज ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल रेल थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट