जहानाबाद जिले के किसान अब पारंपरिक खेती के साथ पशुपालन और मत्स्य पालन को जोड़कर रोजगार के नए अवसर तलाश रहे हैं। मखदुमपुर प्रखंड के किसान देवशरण प्रसाद इसका उदाहरण हैं। वे थ्री लेयर फार्मिंग के जरिए एक ही परिसर में मछली पालन, बकरी पालन, बटेर पालन और मुर्गी पालन कर रहे हैं।
सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ लेकर उन्होंने इसे रोजगार का बेहतर माध्यम बनाया है। फार्मिंग हाउस में बातचीत के दौरान देवशरण प्रसाद ने बताया कि सरकार की योजनाओं से उन्हें काफी लाभ मिला है। आर्थिक सहायता और सब्सिडी मिलने से व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने में आसानी हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की फार्मिंग से एक ही जगह पर अलग-अलग माध्यमों से रोजगार और आमदनी के अवसर पैदा होते हैं।
उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन करने की जरूरत नहीं है। यदि किसी के पास पांच या दस कट्ठा जमीन भी है तो वह सरकारी योजनाओं से जुड़कर इस तरह का व्यवसाय शुरू कर सकता है। इसके लिए मेहनत, लगन और नियमित देखरेख जरूरी है। सही तरीके से काम करने पर गांव में ही अच्छी आजीविका बनाई जा सकती है।
उन्होंने केंद्र और बिहार सरकार की योजनाओं को युवाओं और किसानों के लिए बेहतर अवसर बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं।
डीएम ने दूसरे किसानों को मॉडल दिखाने का दिया निर्देश
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित इकोनॉमिक टास्क फोर्स की बैठक में देवशरण प्रसाद की थ्री लेयर फार्मिंग पर चर्चा हुई थी।
डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को उनके फार्मिंग हाउस का भ्रमण कर तस्वीरें और अनुभवों पर आधारित वीडियो तैयार करने का निर्देश दिया था, ताकि जिले के अन्य किसान भी इस तकनीक को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट