जहानाबाद। नगर परिषद जहानाबाद में सोमवार को सामान्य बोर्ड की बैठक नगर परिषद अध्यक्ष रूपा देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार सहित नगर परिषद के सभी 33 वार्ड पार्षद शामिल हुए। इस दौरान शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न वार्डों में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में नल-जल योजना, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन, नाली, सड़क, जलजमाव और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। वार्ड पार्षदों ने कहा कि कई स्थानों पर पाइपलाइन टूटने के कारण पानी की बर्बादी हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में नियमित जलापूर्ति प्रभावित है। वहीं, कई वार्डों में नाली एवं सड़क की स्थिति में सुधार की जरूरत बताई गई।
नगर परिषद अध्यक्ष रूपा देवी ने कहा कि पूर्व में विकास कार्यों की गति धीमी रहने के कारण शहर के कई वार्डों में समस्याएं बनी हुई हैं। अब विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिकता है और इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने लंबित योजनाओं को लेकर संबंधित एजेंसियों को सख्त निर्देश देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिस संस्था या एजेंसी को विकास कार्य की जिम्मेदारी दी गई है, उसे निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा करना होगा। कार्य में लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित एजेंसी का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष चर्चा हुई। अध्यक्ष रूपा देवी ने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों में आवश्यकता के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। इसके साथ ही शहर को आकर्षक बनाने के उद्देश्य से प्रमुख स्थानों पर तिरंगा लाइट लगाने की योजना पर भी विचार किया गया। इससे रात के समय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा।
नल-जल योजना की खराब और टूटी पाइपलाइनों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने कहा कि जहां कहीं भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों को निर्बाध जलापूर्ति मिल सके।
बैठक के दौरान नगर परिषद क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखे गए। प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति मिलने की प्रक्रिया के अनुसार संबंधित योजनाओं पर कार्य शुरू कराया जाएगा। नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। नगर परिषद प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया गया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट