जहानाबाद। जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, जहानाबाद में शनिवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा जिला नियोजनालय के सौजन्य से आयोजित मेले में 23 निजी कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों की ओर से जिले और राज्य के युवाओं के लिए विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
रोजगार मेले में सेल्समैन, सुपरवाइजर, हेल्पर, सिक्योरिटी गार्ड, ट्रेनी, प्रोडक्शन ट्रेनी, वेयरहाउस एसोसिएट, पैकिंग एवं क्वालिटी ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर सहित कई पदों के लिए भर्ती की प्रक्रिया की गई। इसमें 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध रहे। विभिन्न कंपनियों में लगभग 12 हजार से 35 हजार रुपये तक के मासिक वेतन के अवसर बताए गए।
इस अवसर पर डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने कहा कि रोजगार मेला जहानाबाद के युवाओं के लिए बेहतर अवसर है। अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों के जिले में आने से युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का मौका मिलता है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी युवा को इस मेले में रोजगार नहीं मिल पाता है तो उसे निराश होने की जरूरत नहीं है। आने वाले समय में भी जिला प्रशासन के निर्देश पर रोजगार कैंप और मेले आयोजित किए जाते रहेंगे।
निदेशक नियोजन, उपनिदेशक नियोजन सह अधिकारी मंडल पटना अमृता कुमारी ने कहा कि बिहार सरकार की योजनाओं के तहत युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से कंपनियों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित होता है। मेले में आईटीआई, आरसेटी, डीआरसीसी, जिला उद्योग केंद्र और श्रम विभाग के स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट