जहानाबाद। शहर के घोड़ा अस्पताल के समीप रहने वाली एवं मूल रूप से बंधुगंज के पेत्री गांव की निवासी जागृति शिखा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने ऑल इंडिया स्तर पर 17,559वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
परिजनों ने मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी। जागृति का सपना एम्स में प्रवेश लेकर डॉक्टर बनने का था। हालांकि इस बार उन्हें एम्स में दाखिले के अनुरूप रैंक नहीं मिल सकी, लेकिन उन्हें विश्वास है कि रैंक के आधार पर किसी अच्छे सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना ही उनका लक्ष्य है।
जागृति ने बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान प्रतिदिन करीब छह घंटे सेल्फ स्टडी की। इसके अलावा बेहतर तैयारी के लिए वह एक वर्ष तक कोटा में रहकर पढ़ाई भी कर चुकी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। उनका कहना है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
परिजनों ने बताया कि पिछले प्रयास में जागृति के अंक इस बार से अधिक थे, लेकिन इस वर्ष की रैंकिंग के आधार पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिलने की बेहतर संभावना है। परिवार को उम्मीद है कि वह जल्द ही अपने डॉक्टर बनने के सपने को साकार करेंगी। जागृति की सफलता पर बंधुगंज के पेत्री गांव तथा जहानाबाद शहर में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए जागृति के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट