गुलदस्ते की जगह फूलगोभी देकर किया स्वागत, एसपी ने 20 से अधिक यूपीएससी अभ्यर्थियों को दिए सफलता के मंत्र

जहानाबाद काको स्थित कैनात इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को विश्व तनाव जागरूकता दिवस पर कैनात फाउंडेशन और जामिया कैनात के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया।

जहानाबाद काको स्थित कैनात इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को विश्व तनाव जागरूकता दिवस पर कैनात फाउंडेशन और जामिया कैनात के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें सिविल सेवा में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में 20 से अधिक यूपीएससी अभ्यर्थियों और सिविल सेवा में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ हुई। इस दौरान अतिथियों का स्वागत पारंपरिक फूलों के गुलदस्ते की जगह ताजी फूलगोभी भेंट कर किया गया। इस अनूठी पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण, सादगी और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। 

एसपी कोटा किरण कुमार ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अपने लक्ष्य को हमेशा जीवित रखें और उसे हासिल करने के लिए उत्साह एवं जुनून बनाए रखें। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और अपनी रुचियों को भी समय देने की सलाह दी। 

इस दौरान विद्यार्थियों ने यूपीएससी की तैयारी, दैनिक दिनचर्या और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवाल पूछे। छात्र जीशान ने पूछा कि यदि वे ग्रामीण बिहार के किसी स्कूल के विद्यार्थी होते तो सिविल सेवक बनने के लिए उनकी दिनचर्या कैसी होती? इस पर एसपी ने नियमित अध्ययन, आत्मअनुशासन और निरंतर प्रयास को सफलता का आधार बताया।

कैनात फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष शकील अहमद काकवी ने ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने काको के कैनात नगर में यूपीएससी सिविल सेवा तैयारी एवं मार्गदर्शन केंद्र स्थापित करने की इच्छा जताई, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़े। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगोली बनाकर तनाव जागरूकता का संदेश दिया।

जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट