जहानाबाद। शहर के फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं को लेकर शनिवार को फुटपाथ दुकानदार संघ की ओर से आमसभा आयोजित की गई। नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नास्वी) के संस्थापक अरविंद सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित सभा की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने की। मुख्य अतिथि नगर परिषद के उपमुख्य पार्षद पिंटू रजक को अंगवस्त्र और पुष्प भेंटकर सम्मानित किया गया। सभा में सैकड़ों दुकानदारों ने अपनी समस्याएं रखीं।
मीट, मुर्गा और मछली मंडी मार्केट कमेटी के अध्यक्ष राजेश पंडित के नेतृत्व में मोहम्मद अशरफ, मोहम्मद इनाम, संजय कुमार, राजेंद्र राम और दीपक कुमार ने मंडी में रोशनी, नाली की नियमित सफाई और पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की। वहीं, कृषि सब्जी मंडी मार्केट कमेटी के अध्यक्ष मुकेश कुमार के साथ किशोर कुमार, राजकुमार, रमेश कुमार, पवन कुमार, अखिलेश कुमार और गोल्डन कुमार ने सब्जी मंडी के आसपास नियमित सफाई और प्रकाश की व्यवस्था कराने की बात रखी।
उपमुख्य पार्षद ने समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।इस दौरान संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने नगर परिषद की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान दुकानदारों के साथ भेदभाव किया जाता है। जो दुकानदार नगर परिषद के कर्मचारियों की अनुचित मांगों के आगे नहीं झुकते, उन्हें निशाना बनाया जाता है। वहीं, कुछ लोगों को कार्रवाई से पहले सूचना दे दी जाती है, जबकि अन्य दुकानदारों का सामान हटा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों को नगर परिषद ने वेंडर प्रमाणपत्र जारी किया है, उन्हें अतिक्रमण के नाम पर हटाना उचित नहीं है। कार्रवाई में कानून का समान रूप से पालन होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उप विकास आयुक्त और जिला परिषद से जुड़े मुद्दों को लेकर भी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट