राज्य के जमुई जिले से दर्दनाक खबर है। यहां किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष की छात्रा का शव मंगलवार की देर रात फंदे से लटका हुआ मिला। शव मिलने की घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई l। घटना शांति नगर मोहल्ले में घटी। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
मिली खबर के अनुसार शहर के शांति नगर मोहल्ले में तब सनसनी फैल गई, जब एक छात्रा का शव उसके ही कमरे में मिलने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि खैरा थाना क्षेत्र के हरपेटी गांव निवासी उमेश तांती की पुत्री रूबी कुमारी केकेएम कॉलेज की छात्रा थी। वह करीब 15 दिन पहले ही अपनी सहेली नंदिनी के साथ पढ़ाई के लिए जमुई आई थी। रूबी की सहेली ने बताया कि रात 11 बजे दोनों छत से लौट कर कमरे में गई। जब रात में 1:00 बजे वापस आई तो दरवाजा अंदर से बंद था। जब उसने खिड़की से झांकने की कोशिश की तो रूबी फंदे से लड़की हुई मिली। शोर मचाने पर लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना सामने आने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। उधर मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों की माने तो रूबी अगले दो-तीन दिनों में घर जाने वाली थी। इधर मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस रूबी की सहेली और मकान मालिक से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।
जमुई से हेमंत की रिपोर्ट