आरक्षण पर NDA में घमासान, चिराग पासवान मुर्दाबाद के लगे नारे, वीडियो वायरल

बिहार में आरक्षण के मुद्दे पर एनडीए गठबंधन के भीतर चल रही बयानबाजी की तपिश अब सिकंदरा विधानसभा तक पहुंच गई है। हम (सेक्युलर) पार्टी के विधायक प्रफुल्ल मांझी के समर्थन में अब जदयू और भाजपा के स्थानीय नेताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है ।

जमुई : बिहार में आरक्षण के मुद्दे पर एनडीए गठबंधन के भीतर चल रही बयानबाजी की तपिश अब सिकंदरा विधानसभा तक पहुंच गई है। हम (सेक्युलर) पार्टी के विधायक प्रफुल्ल मांझी के समर्थन में अब जदयू और भाजपा के स्थानीय नेताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है और लोजपा (रामविलास) के नेताओं के बयानों पर तीखा पलटवार किया है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से आरक्षण को लेकर लोजपा (रा) के कुछ नेताओं द्वारा दिए गए बयानों के बाद एनडीए के सहयोगी दलों में नाराजगी बढ़ गई थी। इसी क्रम में सिकंदरा में हम पार्टी के विधायक प्रफुल्ल मांझी के समर्थकों ने खुलकर विरोध जताया है।

हम, जदयू और भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि गठबंधन धर्म का पालन होना चाहिए और राजनीतिक मर्यादा का ख्याल रखा जाना चाहिए। आरक्षण जैसा संवेदनशील मुद्दा है, जिस पर बिना सोचे-समझे बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एनडीए एकजुट है, लेकिन कुछ नेताओं द्वारा व्यक्तिगत बयान देकर गठबंधन की एकता को ठेस पहुंचाई जा रही है। नेताओं ने अपील की कि सभी दल संयम बरतें और किसी भी संवेदनशील मुद्दे पर शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद ही बयान दें।

इधर सिकंदरा में मामला और गरमा गया। प्रफुल्ल मांझी के समर्थकों ने जमुई के सांसद अरुण भारती को लेकर अमर्यादित नारेबाजी की और साथ ही लोजपा (रा) प्रमुख चिराग पासवान के खिलाफ 'मुर्दाबाद' के नारे लगाए। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें समर्थक सड़क पर नारेबाजी करते हुए दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जिले की सियासत और तेज हो गई है। हालांकि इस पूरे मामले पर लोजपा (रा) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आरक्षण के मुद्दे पर एनडीए के भीतर की यह तकरार आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है, जिसका असर जमीनी स्तर पर भी देखने को मिल रहा है।

जमुई से हेमंत की रिपोर्ट