जमुई : दुर्गा पूजा को लेकर शहर में उमड़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद जमुई ने कमर कस ली है। त्योहार से पहले शहर की सड़कों को जाम से मुक्त कराने के लिए मंगलवार को नगर परिषद की टीम ने बुलडोजर के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
महाराजगंज से कचहरी चौक तक गरजा बुलडोजर
नगर परिषद की टीम ने अभियान की शुरुआत महाराजगंज बाजार से की। यहां सड़क के दोनों किनारों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इसके बाद टीम कचहरी रोड होते हुए कचहरी चौक तक पहुंची। अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे गए दुकानों के सामान, ठेले-खोमचे और आवागमन में बाधा बन रहे सभी अवरोधों को हटाया गया। नगर परिषद की टीम को बुलडोजर के साथ आते देख कई दुकानदार खुद ही अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान समेटने में जुट गए।
क्यों चलाया गया अभियान
दरअसल, दुर्गा पूजा के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। सड़क किनारे अतिक्रमण रहने से जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने यह पहल की है, ताकि त्योहार के दौरान आम लोगों और मां के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
EO के निर्देश पर हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी सुभाष सक्सेना, कुंदन गुप्ता, सागर कुमार समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे। स्वच्छता प्रभारी सुभाष सक्सेना ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी (EO) प्रियंका गुप्ता के निर्देश पर यह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। वहीं नगर परिषद कर्मी कुंदन गुप्ता ने दुकानदारों से अपील की है कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट