सिकंदरा (जमुई) : नगर क्षेत्र स्थित राधिका विवाह भवन में मंगलवार को बिहार ईंट निर्माता संघ के आह्वान पर जमुई ईंट निर्माता संघ की ओर से भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बिहार सरकार के खनन एवं भूतत्व विभाग और युवा एवं कला संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी का ईंट भट्ठा संचालकों एवं संघ के सदस्यों ने ढोल-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान करीब दर्जन भर जेसीबी मशीनों से पुष्प वर्षा कर मंत्री का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई
समारोह में पहुंचे मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, क्षेत्रीय विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी, सिकंदरा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रूबी देवी व बिहार ईंट निर्माता संघ के अध्यक्ष मुरारी कुमार उर्फ मन्नू को संघ की ओर से फूल-माला एवं शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों को मां नेतुला की प्रतिमा भी भेंट की गई। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। समारोह की अध्यक्षता ईंट निर्माता संघ के जिलाध्यक्ष संजीत कुमार फौजी ने की, जबकि मंच संचालन मनोज मेहता ने किया।
नदी की गाद से ईंट निर्माण की समस्या होगी दूर - मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने ईंट भट्ठा संचालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि मिट्टी की समस्या को दूर करने के लिए नदी से गाद निकालने की दिशा में पहल की जाएगी। नदी से निकलने वाली गाद का उपयोग ईंट निर्माण में किए जाने की संभावना पर सरकार स्तर से विचार किया जाएगा, जिससे ईंट निर्माताओं को कच्चे माल की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी ईंट भट्ठा संचालकों को सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पालन करते हुए ही अपना कार्य करना होगा।
सरकार की ओर से जो भी नियम एवं अनुशासन निर्धारित किए जाएंगे, उनका पालन करना सभी की जिम्मेदारी है - मंत्री
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जो भी नियम एवं अनुशासन निर्धारित किए जाएंगे, उनका पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ईंट भट्ठा संचालकों से नियमों के दायरे में रहकर व्यवसाय करने की अपील की। इस दौरान ईंट निर्माता संघ के प्रतिनिधियों ने मंत्री के समक्ष मिट्टी, खनन, पर्यावरणीय नियमों सहित ईंट निर्माण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को रखा। मंत्री ने संघ की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर उचित समाधान का आश्वासन दिया।
मानक के अनुरूप हो बालू का खनन - MLA प्रफुल्ल कुमार मांझी
वहीं क्षेत्रीय विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी ने नदी से अत्यधिक बालू खनन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नदी में अधिक खनन होने के कारण कई जगहों पर नदी का स्तर नीचे जा रहा है और नहर का लेवल नदी के लेवल से ऊपर होता जा रहा है। इसका सीधा असर किसानों की खेती पर पड़ रहा है और सिंचाई में परेशानी उत्पन्न हो रही है। विधायक ने मंत्री से इस मामले पर गंभीरता से विचार करने की मांग करते हुए कहा कि नदी से बालू का खनन निर्धारित मानक एवं नियमों के अनुरूप ही होना चाहिए। अत्यधिक खनन से पर्यावरण के साथ-साथ किसानों और कृषि व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने संतुलित एवं नियमसम्मत खनन व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया।
समारोह के दौरान ईंट निर्माता संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मंत्री और विधायक के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें रखीं
समारोह के दौरान ईंट निर्माता संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मंत्री और विधायक के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें रखीं। मंत्री द्वारा समस्याओं के समाधान का भरोसा दिए जाने पर संघ के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर जिला खनन पदाधिकारी रणवीर कुमार, एमवीआई अरुण कुमार, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद हाशिम अली, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि चंद्रशेखर सिंह, मुखिया शंभू सिंह, कौशल किशोर सिंह, राशिद बेग, नैयर हसन, सोनू खान, पप्पू सिंह, रंजय कुमार, मंटू यादव, धर्मेंद्र यादव, गुड्डू पासवान, कौशल सिंह, ललन सिंह सहित बड़ी संख्या में ईंट भट्ठा संचालक संघ के सदस्य एवं एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट