जमुई : जमुई की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र के सक्रिय चेहरा, जमुई नगर परिषद के उप सभापति, जमुई चैम्बर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक एवं हिन्दू स्वाभिमान बिहार प्रान्त के सह प्रमुख नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राजधानी पटना में बिहार सरकार की कद्दावर मंत्री श्वेता गुप्ता से आत्मीय भेंट की। श्वेता गुप्ता बिहार सरकार में समाज कल्याण विभाग की मंत्री होने के साथ-साथ शिवहर विधानसभा की विधायक भी हैं। नीतीश कुमार ने उन्हें मिथिला की परंपरा के अनुसार अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया और मंत्री को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जमुई के विकास पर हुई विशेष चर्चा
यह भेंट केवल शिष्टाचार भेंट नहीं, बल्कि जमुई के भविष्य को लेकर एक गंभीर चर्चा थी। नीतीश कुमार ने मंत्री के समक्ष जमुई के सर्वांगीण विकास का पूरा खाका रखा। उन्होंने कहा कि जमुई में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं-गिद्धेश्वर, परासी, गरही व लछुआर जैसे दर्जनों स्थल हैं जिन्हें विकसित करने की जरूरत है। साथ ही चकाई में औद्योगिक हब, युवाओं के लिए रोजगार, नगर परिषद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समाज कल्याण से जुड़ी योजनाओं को जमुई में धरातल पर और मजबूती से उतारने पर चर्चा हुई। नीतीश ने कहा कि जमुई बिहार का हृदय है। यहां की धरती में इतिहास है, प्रकृति है और मेहनती युवा हैं। बस जरूरत है राज्य सरकार के सहयोग की। अगर सरकार का साथ मिला तो जमुई को बिहार का नंबर वन जिला बनाया जा सकता है।
मंत्री श्वेता गुप्ता ने दिया आश्वासन
मंत्री श्वेता गुप्ता ने नीतीश कुमार के विचारों को गंभीरता से सुना और जमुई के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग से जुड़ी हर योजना का लाभ जमुई के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए वे व्यक्तिगत रूप से प्रयास करेंगी। भेंट के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि मंत्री का व्यवहार बेहद सकारात्मक और सहयोगात्मक रहा। उन्हें उम्मीद है कि इस मुलाकात के बाद जमुई के विकास को नई गति मिलेगी।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट