जमुई : राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता भारत विकास परिषद द्वारा ‘संस्कार निर्माण’ के उद्देश्य से चलाए जा रहे विभिन्न प्रकल्पों में सबसे लोकप्रिय प्रकल्प है। इस प्रतियोगिता का मूल उद्देश्य देश के नौनिहालों और युवा पीढ़ी में राष्ट्रीयता की भावना, चारित्रिक गुण, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिकता के मूल्यों का सृजन करना है।
इसी कड़ी में भारत विकास परिषद की जमुई जिला शाखा के आतिथ्य में ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के सभागार में प्रांत स्तरीय समूह गान मुकाबला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र भक्ति के स्वरों से भगवान महावीर की पावन धरा और गगन गुंजायमान हो उठा।
9 जिलों की टीमों ने लिया हिस्सा -
दक्षिण बिहार पूर्व क्षेत्र प्रांत स्तरीय इस प्रतिस्पर्धा में भागलपुर, बिहारशरीफ, बाढ़ (पटना), मोकामा, बरबीघा, पटना, नवादा, दानापुर और जमुई कुल नौ जिलों की टीमों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। छात्र-छात्राओं ने सामूहिक गायन के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश की सांस्कृतिक विरासत व राष्ट्र की गौरवशाली परंपराओं के प्रति अपनी भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम का आगाज डीएम नवीन ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता संगीत के माध्यम से राष्ट्र प्रेम का उत्सव है। नई पीढ़ी में संगीत के जरिए राष्ट्र चेतना का संचार किया जाता है। सामूहिक गायन में अलग-अलग स्वर एक साथ मिलकर एकता और अनुशासन का संदेश देते हैं। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में मातृभूमि के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
डीएम ने भारत विकास परिषद के स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने की बात कही।
वहीं जमुई जिला शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में हिन्दी और संस्कृत गीतों के साथ ही क्षेत्रीय गीतों का भी गायन होता है। परिषद द्वारा चयनित गीतों की पुस्तिका ‘राष्ट्रीय चेतना के स्वर’ पर आधारित होती है। यह प्रतियोगिता तीन स्तरों - शाखा स्तर, प्रांतीय स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाती है।
कार्यक्रम को क्षेत्रीय महासचिव डॉ. बाल्मीकि कुमार, प्रांतीय महासचिव डॉ. आशुतोष रंजन शरण, प्रांतीय सचिव सव्यसाची, पर्यवेक्षक जयंती सेठ आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर लायंस क्लब अध्यक्ष राजीव रंजन भालोटिया, डॉ. एसएन झा, डॉ. अंजनी कुमार सिन्हा, महेन्द्र प्रसाद, चंद्रदेव सिंह, सचिव कुसुम सिन्हा, प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा, प्राचार्या शिवांगी शरण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। जिला सचिव शम्भू कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का आरंभ स्कूली छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत के गायन से हुआ।
जमुई से हेमंत सक्सेना / निरंजन की रिपोर्ट