जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र के बिठलपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक दलित मांझी परिवार के चार लोगों को पिकअप से कुचल दिया गया। इस घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बोधवन तालाब रोड को घंटों जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बिठलपुर निवासी मांझी परिवार का इंदपे गांव के संजय यादव, पिता हुरो यादव से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को संजय परिवार ने जमीन के एवज में पैसे देने के लिए मांझी परिवार को बुलाया था। आरोप है कि पैसे देने के बजाय संजय और उसके साथियों ने जान मारने की नीयत से पिकअप वाहन से मांझी परिवार के चार सदस्यों को कुचल दिया। इस घटना में एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने जमुई के बोधवन तालाब सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। जाम के कारण घंटों तक आवागमन बाधित रहा और स्कूली वाहनों को भी परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
वहीं इस पूरे मामले को लेकर टाउन थाना एसएचओ ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में इस्तेमाल पिकअप को जब्त कर लिया गया है। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और न्याय का आश्वासन दिया है।
जमुई से हेमंत की रिपोर्ट