आय से अधिक संपत्ति मामले में 2 बड़े प्रशासनिक अधिकारियों पर गिरी गाज, सम्राट सरकार ने किया निलंबित

बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामलों को लेकर सम्राट सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। गोपालगंज जिले के दो महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर तैनात अधिकारियों पर सरकार की गाज गिरी है।

गोपालगंज : बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामलों को लेकर सम्राट सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। गोपालगंज जिले के दो महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर तैनात अधिकारियों पर सरकार की गाज गिरी है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में अपर समाहर्ता (ADM) राजेश्वरी पांडेय और सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) डॉ. प्रेरणा सिंह को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद जिला प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

दोनों अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से जुड़े मामले सामने आने के बाद जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज की थी

जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से जुड़े मामले सामने आने के बाद जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज की थी। इसी कड़ी में करीब एक माह पूर्व अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय के आवास और उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। वहीं, महज दो दिन पूर्व सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह के आवास पर भी जांच एजेंसी ने छापेमारी की थी। लगातार हुई इन छापेमारियों के बाद अब राज्य सरकार की ओर से दोनों अधिकारियों को निलंबित किए जाने की कार्रवाई सामने आई है। इस घटनाक्रम ने बिहार के प्रशासनिक गलियारों में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।

2 बड़े पदों पर तैनात अधिकारियों पर कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हलचल

गोपालगंज में एडीएम और सदर एसडीएम जैसे महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को काफी अहम माना जा रहा है। दोनों पद जिले के प्रशासनिक कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में एक ही जिले के दो वरिष्ठ अधिकारियों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई होने से प्रशासनिक व्यवस्था में भी हलचल मची हुई है। फिलहाल इस पूरे मामले में जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच में संपत्ति के स्रोत, आय और खर्च के बीच अंतर जैसे पहलुओं की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी।

किसी भी अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोप जांच और कानूनी प्रक्रिया के अधीन हैं

हालांकि, किसी भी अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोप जांच और कानूनी प्रक्रिया के अधीन हैं। जांच पूरी होने और सक्षम प्राधिकारी के निर्णय के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। गोपालगंज में दो वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के निलंबन की खबर ने जिले से लेकर पटना तक प्रशासनिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। अब देखना होगा कि जांच में आगे कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट