बथुआ बाजार में सड़कों पर 'समंदर' : अर्णव तूफान के बाद जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त

चक्रवाती तूफान अर्णव के प्रभाव से पिछले दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने फुलवरिया प्रखंड के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र बथुआ बाजार की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बाजार की मुख्य सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं।

फुलवरिया (गोपालगंज) : चक्रवाती तूफान अर्णव के प्रभाव से पिछले दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने फुलवरिया प्रखंड के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र बथुआ बाजार की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बाजार की मुख्य सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं। जिससे आम राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर बने जानलेवा गड्ढों में जलजमाव होने के कारण स्थिति और भयावह हो गई है। आए दिन बाइक व साइकिल सवार गड्ढों का अंदाजा न मिलने से गिरकर घायल हो रहे हैं। पानी में तड़पते घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाना स्थानीय दुकानदारों की मजबूरी बन गया है। 

हम अपनी दुकानदारी चलाएं या दिनभर घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाएं - आक्रोशित दुकानदार

आक्रोशित दुकानदारों का कहना है कि हम अपनी दुकानदारी चलाएं या दिनभर घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाएं। दुकानदारों ने पथ निर्माण विभाग की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर विभाग नींद से कब जागेगा और इस बदहाल सड़क का कायाकल्प कब होगा। स्थिति यह है कि बारिश के पानी के साथ-साथ आसपास के होटलों व रेस्टोरेंटों से निकलने वाला बदबूदार गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। 

तीखी दुर्गंध के कारण ग्राहकों ने बाजार की ओर रुख करना बंद कर दिया है

इस तीखी दुर्गंध के कारण ग्राहकों ने बाजार की ओर रुख करना बंद कर दिया हैं। जिससे व्यापार पूरी तरह ठप पड़ गया है और व्यवसायियों पर आर्थिक संकट मंडराने लगा है। प्रशासनिक उपेक्षा से आक्रोशित व्यापारियों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई और सड़क की मरम्मत नहीं शुरू हुई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

फुलवरिया (गोपालगंज) से संदीप कुमार की रिपोर्ट